बेमेतरा: गोदाम से चना चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी शामिल
बेमेतरा, 28 मई 2026:
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन पर बेमेतरा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थान खम्हरिया थाना पुलिस ने एक गोदाम से देसी चना चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 03 थानखम्हरिया निवासी प्रार्थी प्रमोद सिंघानिया (47 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 मई की शाम से 26 मई की सुबह के बीच किसी अज्ञात चोर ने उनके गोदाम का ताला तोड़कर वहां रखे 18 कट्टों में से 04 कट्टा (कुल 2 क्विंटल) देसी चना पार कर दिया। चोरी गए चने की कुल कीमत लगभग 11,000 रुपये बताई गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए), 331(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर धरे गए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में खम्हरिया पुलिस ने जांच तेज की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वार्ड क्रमांक 01 निवासी खिलेन्द्र रात्रे, टिकेश बंजारे और उनके दो अन्य साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने 24 मई की रात को मिलकर गोदाम से चना चोरी किया था और उसे छुपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जूट की बोरियों में भरा हुआ 04 कट्टा देसी चना (कीमत ₹11,000) बरामद कर लिया है।
न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड में पेश
मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी:
- खिलेन्द्र रात्रे (25 वर्ष), पिता- परमानंद रात्रे, निवासी- वार्ड नंबर 1, खम्हरिया।
- टिकेश बंजारे उर्फ बोटो (19 वर्ष), पिता- रवेन्द्र बंजारे, निवासी- वार्ड नंबर 1, थान खम्हरिया।
इन दोनों आरोपियों को 27 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। वहीं, मामले में शामिल अन्य दो विधि से संघर्षरत बालकों को माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थान खम्हरिया थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, प्रधान आरक्षक अजय लहरे, विनोद पात्रे, आरक्षक मुकेश चंद्रवंशी, अशरफी खान और रमन चंद्राकर सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
