Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

29/05/2026

​सुशासन तिहार: बेमेतरा में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, 49 ठिकानों पर रेड, 32 मामले दर्ज

बेमेतरा, 29 मई 2026

​सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत अवैध मदिरा के खिलाफ बेमेतरा जिले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और अवैध शराब के धारण, संग्रहण व विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 01 मई से 28 मई 2026 तक आबकारी वृत्त बेमेतरा द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 49 स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें कुल 32 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

​यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री आनंद के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है।

​इन क्षेत्रों में दी गई दबिश

​अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सघन जांच की गई। मुख्य रूप से:

  • ​नवागांव, बेरा, उमरिया, सेमरिया, कठौतिया, खैरझिटी, मोहरेंगा, मऊ और अतरिया।
  • ​मोहलई, बीजाभाट, सिंघौरी, ढोलिया, चोरभट्टी, बहेरा, दाढ़ी एवं शहर क्षेत्र के विभिन्न ढाबों और होटलों में आबकारी अमले ने रेड कार्रवाई की।

​आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई और गिरफ्तारियां

​अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), धारा 36(सी) एवं धारा 36(1)(च) के तहत कुल 32 जमानती प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान बरामद की गई मदिरा की जांच के बाद उसे विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया गया है। संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया गया है।

​पुलिस और आबकारी का संयुक्त अभियान

​बीते 28 मई 2026 को शहर क्षेत्र के विभिन्न ढाबों में आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 06 प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

​इसके अतिरिक्त नवागांव, झाल, मोहरेंगा, कठौतिया, अतरिया, बीजाभाट, चोरभट्टी, बहेरा तथा शहर स्थित होटलों, ढाबों और ठेलों सहित कुल 17 रिहायशी मकानों व अन्य संदिग्ध स्थानों की भी सघन जांच की गई। हालांकि, इन 17 स्थलों पर जांच के दौरान कोई मादक पदार्थ या अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई।

​मुखबिर और शिकायतों पर तत्काल एक्शन

​आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से मिल रही शिकायतों और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल एक्शन लिया जा रहा है। शिकायत वाले स्थानों पर आबकारी अमला गवाहों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करता है, सामग्री जब्त की जाती है और दोषियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया जा रहा है।

अवैध शराब की सूचना देने की अपील (शिकायत हेल्पलाइन)

आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास अवैध मदिरा के धारण, संग्रहण एवं विक्रय की सूचना तत्काल विभाग को दें। अवैध शराब से जुड़ी कोई भी शिकायत आबकारी उप निरीक्षक, वृत्त बेमेतरा के दूरभाष क्रमांक 7803036415 पर दर्ज कराई जा सकती है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *