बेमेतरा: गौवंश तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, वाहन पलटने से हुई मवेशियों की मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा/खंडसरा: बेमेतरा जिले की खण्डसरा पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए गौवंश को कत्लखाना ले जाया जा रहा था, इसी दौरान वाहन पलटने से दो मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी दर्शनदास मानिकपुरी निवासी अतरिया ने पुलिस को सूचना दी थी कि 20 जून 2026 की तड़के लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच एक सफेद पिकअप (क्रमांक CG 08 AW 1739) में गौवंश को अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। ग्राम अतरिया के पास मोड पर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे पलट दिया। इस हादसे में 2 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 पड़वा (भैंसा) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव और एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खण्डसरा कंवल नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने:
- दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और एक मोबाइल जब्त किया।
- मृत गौवंश का पोस्टमार्टम कराया।
- तीनों घायल मवेशियों को उपचार के लिए ग्राम सैगोना स्थित श्रीराम जानकी गौशाला में सुरक्षित भिजवाया।
आरोपियों पर दर्ज हुई गंभीर धाराएं
पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी इन मवेशियों को कत्लखाना ले जा रहे थे। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, एमव्ही एक्ट के साथ-साथ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सुरेश कुर्रे उर्फ चोई (20 वर्ष), निवासी वार्ड 07, बागुर, जिला केसीजी।
- फुजैल सिद्दीकी उर्फ फुजु (28 वर्ष), निवासी वार्ड 07, देवकी नगर, जिला केसीजी।
दोनों आरोपियों को आज दिनांक 27.06.2026 को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस सराहनीय कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक कंवल नेताम, प्रधान आरक्षक खेमू वर्मा, आरक्षक ऐश्वर्य सिन्हा, चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, योगेन्द्र सोनी और स्वप्निल पांडेय की विशेष भूमिका रही।
