बेमेतरा। जिले की देवरबीजा पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक 5 बछड़ों को भरकर उन्हें कत्लखाने ले जा रहे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन और गौवंश को जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी रोमन पाण्डेय (36 वर्ष), निवासी आबादीपारा, देवरबीजा ने 30 जून को चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 29 जून की रात करीब 8:30 बजे उसने कोदवा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप (क्रमांक CG-09-JT-6387) को संदेह होने पर रुकवाया।
पिकअप की जांच करने पर अंदर 5 नग बछड़े ठूंस-ठूंस कर भरे पाए गए। मवेशियों को न तो चारा दिया गया था और न ही पानी। उन्हें काफी बेरहमी से बांधकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन मवेशियों को कत्लखाना ले जा रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी देवरबीजा उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से ही चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया:
बलराम वर्मा (49 वर्ष), ग्राम दैहानडीह
होम सिंह वर्मा (45 वर्ष), ग्राम आमगांव
घुर सिंह वर्मा (30 वर्ष), ग्राम दैहानडीह
राजेन्द्र वर्मा (52 वर्ष), ग्राम दैहानडीह (सभी आरोपी जिला कबीरधाम के थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के निवासी हैं)
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी देवरबीजा उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल, प्रधान आरक्षक नंदलाल चतुर्वेदी, नरेंद्र ठाकुर, अवधेश सिंह, आरक्षक मुकेश सिंह, रवि साहू, छोटूराम टेम्बुकर, पुरुषोत्तम पटेल, साबित गोयल एवं चौकी के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।