बेमेतरा: DIG के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले रामकृष्ण साहू ने मीडिया से की सौजन्य मुलाकात, सहयोग के लिए जताया आभार
बेमेतरा, 13 जुलाई 2026
पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में पदोन्नति के उपरांत नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने आज बेमेतरा पुलिस कार्यालय में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से विशेष सौजन्य मुलाकात की।
पुलिसिंग और जनसहभागिता पर की चर्चा
मुलाकात के दौरान DIG श्री रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा में अपने सेवाकाल की यादों को साझा किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, साइबर जागरूकता, यातायात सुधार, महिला एवं बाल सुरक्षा के साथ-साथ तकनीक आधारित पुलिसिंग और सामुदायिक अभियानों में मिली सफलता का श्रेय जिले के आमजन और मीडिया के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सेतु के रूप में मीडिया की भूमिका ने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मीडिया का जताया आभार
श्री साहू ने अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस की सकारात्मक गतिविधियों को जनता तक निष्पक्ष रूप से पहुँचाने के लिए सभी मीडिया साथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में इसी प्रकार का सकारात्मक सहयोग मिलता रहेगा।
पत्रकारों ने दी बधाई
इस अवसर पर जिले के अनेक वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने DIG रामकृष्ण साहू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
