बेमेतरा: चाय दुकान पर बैठे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से सिर फोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार
साजा/बेमेतरा: जिले के साजा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक ने चाय दुकान पर बैठे व्यक्ति पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपी ने ‘पुलिस की मुखबिरी’ करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थी और बचाव में आए दूसरे व्यक्ति के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना का विवरण
प्रार्थी शेष नारायण ढीमर (56 वर्ष) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी चाय दुकान के सामने बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। तभी वहां मौजूद यासीफ खान उर्फ भोला ने चाय मांगी। उसी दौरान सोनू निर्मलकर वहां पहुंचा और प्रार्थी को अश्लील गालियां देते हुए ‘पुलिस की मुखबिरी’ करने का आरोप लगाया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपने पास मौजूद लोहे की रॉड से प्रार्थी के सिर पर प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा।
बीच-बचाव करने वालों पर भी किया हमला
जब यासीफ खान ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिसे देख आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव और एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। साजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू उर्फ सुरेश निर्मलकर (24 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी विनय कुमार, थाना प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, उप निरीक्षक असीम कीर्तनिया, ओंकार साहू, अलील चंद, सउनि बनवाली सोनकर तथा आरक्षक शिवराज सिंह, रामानुज जायसवाल, अर्जुन ध्रुर्वे, प्रमोद बंजारे, गोकुल सोनी और राजू यादव की अहम भूमिका रही।
