बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल से सट्टा खिलाते एक आरोपी गिरफ्तार, 21 हजार का माल जब्त
बेमेतरा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने नवागढ़ चौक पर छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को कोतवाली पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नवागढ़ चौक स्थित एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में अवैध रूप से मोबाइल के जरिए सट्टा-पट्टी का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर रेड कार्रवाई की।
आरोपी से कीमती मोबाइल और नगदी बरामद
पुलिस ने मौके से आरोपी दिलीप साहू (40 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बेमेतरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने:
- 01 नग स्क्रीन टच मोबाइल (कीमत लगभग 20,000 रुपये)
- नगदी रकम (1,000 रुपये)
- कुल जब्त मशरूका: 21,000 रुपये
कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, प्रधान आरक्षक रघुराज सिंह यदु, आरक्षक शिव सेन, सौरभ सिंह और कुसुम कोसले सहित समस्त पुलिस स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की चेतावनी:
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थ और जुआ-सट्टा जैसे अपराधों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। डीआईजी के मार्गदर्शन में ऐसी सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
