बेमेतरा में अवैध शराब पर आबकारी का प्रहार: 250 पाव देशी मदिरा जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
बेमेतरा | 29 अप्रैल 2026 जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने घेराबंदी कर भारी मात्रा में देशी मसाला मदिरा के साथ एक युवक को धर दबोचा है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद और सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री आनंद के मार्गदर्शन में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पौंसरी-बालसमुंद रोड पर अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त मार्ग पर नाकेबंदी की।
बिना नंबर की बाइक से हो रही थी तस्करी
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक संदिग्ध दोपहिया वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में 250 पाव देशी मसाला मदिरा (कुल 45 बल्क लीटर) बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिद बंजारे (20 वर्ष), निवासी भालूपान (थाना चंदनू) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
जब्ती का विवरण और कार्रवाई
आबकारी विभाग ने मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सामग्री को अपने कब्जे में लिया है:
-
- जब्त शराब: 250 पाव (कीमत लगभग ₹25,000)
- जब्त वाहन: दोपहिया वाहन (कीमत लगभग ₹55,000)
- कुल मशरुका: करीब ₹80,000
कानूनी कार्रवाई: आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(1)(क) एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रशासन की अपील: जागरूक बनें नागरिक
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब का संग्रहण या विक्रय हो रहा है, तो वे तुरंत आबकारी उप निरीक्षक (वृत्त बेमेतरा) के मोबाइल नंबर 7803036415 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
