बेमेतरा: जप्त रेत से भरा 16 चक्का ट्रक चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कवर्धा से बरामद किया वाहन
बेमेतरा / खम्हरिया: बेमेतरा जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में खम्हरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गए 16 चक्का ट्रक और उसमें भरी रेत को बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को नायब तहसीलदार खम्हरिया ने बिना रॉयल्टी परमिट के रेत परिवहन कर रहे ट्रक (क्रमांक CG 04 NV 8342) को पकड़कर जप्त किया था। वाहन को सुरक्षा के लिहाज से तहसील कार्यालय के सामने खड़ा कर उसकी चाबी थाना खम्हरिया में जमा कर दी गई थी।
21 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने तहसील कार्यालय के सामने खड़े इस ट्रक को पार कर दिया। प्रार्थी विनोद कुमार पात्रे की रिपोर्ट पर थाना खम्हरिया में धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
कवर्धा के पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदेही हेमंत मरकाम को चोरी के ट्रक के साथ कवर्धा में देखा गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कवर्धा के एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर हेमंत को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।

मालिक के कहने पर रची गई थी चोरी की साजिश आरोपी हेमंत मरकाम ने बताया कि उसने ट्रक मालिक हंसुराम साहू और बैताल साहू के कहने पर इस चोरी को अंजाम दिया था। उसे पता था कि ट्रक पुलिस द्वारा जप्त किया गया है, फिर भी वह उसे चलाकर सहसपुर लोहारा ले गया, वहाँ रेत डंप की और 22 अप्रैल को धान भरने के लालच में बाईपास रोड पर छिपाकर खड़ा कर दिया।
बरामदगी और गिरफ्तारी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर:
- 16 चक्का ट्रक (कीमत लगभग 9,50,000/- रूपये) * चोरी की गई रेत को विधिवत जप्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी: 1. हेमंत मरकाम (23 वर्ष): निवासी चिलमखोदरा, सहसपुर लोहारा।
2. हंसुराम साहू (36 वर्ष): निवासी छोटूपारा, सहसपुर लोहारा।
3. बैतल राम साहू (41 वर्ष): निवासी पेन्ड्रीतराई, सिंघंनपुरी जंगल।
