बेमेतरा: वार्ड 9 में दो महीने से बह रहा ‘अनमोल’ पानी, नगर पालिका की लापरवाही आई सामने
बेमेतरा। एक ओर जहाँ भीषण गर्मी में जल संकट गहराने लगता है, वहीं दूसरी ओर बेमेतरा नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। मामला शहर के वार्ड क्रमांक 9, हेलीपैड कॉलेज मैदान स्थित ट्यूबवेल का है, जहाँ पिछले दो महीनों से पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पानी की बर्बादी हो रही है।
ट्यूब को बांधकर चलाया जा रहा काम
हैरानी की बात यह है कि इस समस्या का कोई स्थायी समाधान करने के बजाय, नगर पालिका के कर्मचारियों ने जुगाड़ का सहारा लिया है। पाइप में हुए लीकेज को मात्र एक रबर की ‘ट्यूब’ से बांधकर काम चलाया जा रहा है। यह अस्थायी व्यवस्था भी नाकाम साबित हो रही है और 24 घंटे बूंद-बूंद कर हजारों लीटर पानी जमीन में समा रहा है।
सूचना के बाद भी पेयजल शाखा मौन
जानकारी के अनुसार, संबंधित पंप ऑपरेटर ने इस खराबी की सूचना विभाग के पेयजल शाखा को काफी समय पहले ही दे दी है। इसके बावजूद, अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
कॉलेज मैदान और हेलीपैड के समीप होने के कारण यहाँ लोगों की काफी आवाजाही रहती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन एक तरफ जल संरक्षण का संदेश देता है, वहीं दूसरी तरफ उनकी नाक के नीचे महीनों से पानी बह रहा है। पाइप लाइन की समय पर मरम्मत न होने से न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि भविष्य में पाइप के पूरी तरह फटने का खतरा भी बना हुआ है।
“पंप ऑपरेटर द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद मरम्मत न होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या जल संकट का इंतजार कर रहा है?” —सुनील नामदेव.. स्थानीय नागरिक
